बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= भानपुरी में गूंजेगा सनातन एकता का शंखनाद, 20 दिसंबर को हिंदू संगम =
जगदलपुर। सनातन संस्कृति, हिंदू एकता और सामाजिक चेतना के सशक्त संदेश के साथ हिंदू संगम भानपुरी मंडल द्वारा शनिवार 20 दिसंबर को भव्य हिंदू संगम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से ग्राम भानपुरी, फरसागुड़ा स्थित छात्रावास मैदान पर होगा। मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ स्वयंसेवक राजबहादुर सिंह राणा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

आयोजकों के अनुसार हिंदू संगम का उद्देश्य सनातन समाज में हिंदू भाव का जागरण, सामाजिक समरसता को मजबूती देना तथा समाज के समक्ष मौजूद चुनौतियों के प्रति जन जागरूकता फैलाना है। इस अवसर पर पूज्य संतों, समाज प्रमुखों, संगठनों एवं प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वचन भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम में कलश यात्रा, रामायण पाठ, नृत्य मंचन तथा स्थानीय वाद्ययंत्रों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान करेगी। हिंदू संगम में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए राम खिचड़ी की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन समिति ने धर्मनिष्ठ, देशभक्त एवं सनातन विचारधारा से जुड़े सभी भाई-बहनों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।










