बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 21 दिसंबर 2025/समग्र शिक्षा–समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत गृह आधारित शिक्षा प्राप्त कर रहे दिव्यांग बच्चों के पालक अभिभावकों हेतु जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन दिनांक 20 दिसंबर को जिला कार्यालय में किया गया।
कार्यशाला में जिला कलेक्टर श्री संबंधित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री लखनलाल धनेलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री कमल दास के झाड़ी के निर्देशानुसार एवं सहायक परियोजना समन्वयक समावेशी शिक्षा प्रभारी श्री तारकेश्वर पैकरा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर के रूप में श्री वेदराम निषाद (विकासखंड उसूर), श्री चितु राम बघेल (विकासखंड बीजापुर) एवं श्री सुनील तायवाडे (विकासखंड भैरमगढ़) द्वारा पालक अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों को शासन द्वारा प्रदत्त समस्त योजनाओं, सुविधाओं एवं अधिकारों की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में विस्तारपूर्वक प्रदान की गई, जिससे पालकगण उन्हें भली-भांति समझ सकें और लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम में समस्त स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित पालक अभिभावकों ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ने की बात कही।









