कोरबा न्यूज 36गढ़ :–
कोरबा जिला के लेमरू में शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर और विकलांगता ग्रस्त करने वाली बीमारी से सुरक्षित रखने हेतु पोलियो टीकाकरण महाभियान 2025 का आयोजन पूरे कोरबा जिले सहित सुदूर वनांचल क्षेत्र लेमरू सेक्टर में पूर्ण एवं व्यापक तैयारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
लेमरू सेक्टर में कुल 1968 बच्चों के लक्ष्य के विरुद्ध 2007 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। यह टीकाकरण अभियान कुल 57 पोलियो बूथों के माध्यम से संचालित किया गया, जिनमें आंगनबाड़ी केंद्र, मेला-हाट बाजार, पिकनिक स्थल एवं अन्य सार्वजनिक स्थान शामिल रहे।

अभियान को सफल बनाने के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। सभी पोलियो बूथों का उद्घाटन क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पंच एवं सरपंचों द्वारा किया गया, जिन्होंने स्वयं बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया।
इसी कड़ी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर देवपहरी में भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव द्वारा बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इसके पश्चात लेमरू सेक्टर के सभी बूथों पर एक साथ महाअभियान का संचालन किया गया।
इस महाभियान को सफल बनाने में लेमरू सेक्टर के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिन बहनों, स्वयंसेवी संगठनों तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय का विशेष सहयोग रहा, जिसके परिणामस्वरूप यह अभियान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर सका।
विशेष बात यह रही कि सुदूर पहाड़ी एवं वनांचल क्षेत्रों में निवासरत पहाड़ी कोरवा बसाहट हरदिमौहा, कदमझेरिया, देवद्वारी, जामभाठा, बरपानी, पेंड्रीडीह, ख़म्होन, लाम और पहाड़ क्षेत्र में बसे कोरवा परिवारों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इन क्षेत्रों में अभिभावक अपने छोटे-छोटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए विशेष रूप से उत्सुक एवं उत्साहित नजर आए।
पोलियो टीकाकरण महाभियान 2025 ने यह स्पष्ट कर दिया कि सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी और स्वास्थ्य विभाग की सजगता से पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
कोरबा संवाददाता:–कृष्णा दास









