जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जयसवाल
19 स्थानों पर पार्किंग, ड्रोन व CCTV से रहेगी कड़ी निगरानी
जिला जांजगीर–चांपा ।
दिनांक 22 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री एवं अन्य VVIP के जांजगीर आगमन के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से शहर में कुल 19 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है।
पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी आगंतुकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा करें, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
अतिथियों, मीडिया व पुलिस के लिए अलग व्यवस्था
मुख्य मंच पर आमंत्रित अतिथियों के वाहनों के लिए पुलिस परेड ग्राउंड में पार्किंग तय की गई है। मंच के सामने MIP सेक्टर एवं हेलीपैड स्वागत से जुड़े लोगों के लिए टीसीएल कॉलेज मैदान निर्धारित किया गया है।
मीडिया कर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के लिए पुलिस कॉलोनी के सामने मैदान, जबकि पुलिस वाहनों के लिए खोखरा जेल परिसर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
आमजन के लिए 15 पार्किंग स्थल
आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में आमजन हेतु पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। जांजगीर, बलौदा, कोरबा, चांपा, अकलतरा, मुलमुला, बिलासपुर, पामगढ़, बलौदा बाजार, रायगढ़ एवं शिवरीनारायण सहित सभी दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग तय की गई है, जिससे यातायात का दबाव एक ही मार्ग पर न पड़े।
ट्रैफिक डायवर्जन का विशेष प्लान
पुलिस के अनुसार शक्ति, बाराद्वार व रायगढ़ की ओर से आने वाले वाहन सुकली चौक हाइवे से पेंड्री गांव होते हुए कृषि उपज मंडी, बाबा कीनाराम स्कूल, निलयम कॉलोनी एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज के पार्किंग स्थलों में खड़े किए जाएंगे।
वहीं अकलतरा व बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहनों को खोखरा हाइवे चौक से मोड़कर खोखरा–पामगढ़ रोड की ओर स्थित पार्किंग एवं क्रिकेट स्टेडियम में पार्क कराया जाएगा।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों पर पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरा एवं CCTV कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की अपील
जांजगीर–चांपा पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित मार्गों व पार्किंग स्थलों का पालन करें और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बनाई गई यह विस्तृत व्यवस्था प्रशासन की सतर्कता और आयोजन को सफल बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।










