सुकमा-
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। यह संयुक्त अभियान सीआरपीएफ और डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) की टीम द्वारा अंजाम दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों ने मीनागट्टा क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाके में हथियार और गोला-बारूद बनाने के लिए गुप्त ऑर्डिनेंस फैक्ट्री स्थापित कर रखी थी। रविवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने इस फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया। मौके से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है, जिसमें 8 सिंगल शॉट राइफल भी शामिल हैं।
नक्सली नेटवर्क पर लगातार कसता शिकंजा
सुकमा पुलिस की बदली हुई रणनीति और लगातार चल रहे समन्वित एंटी-नक्सल अभियानों का असर अब साफ नजर आने लगा है। वर्ष 2024 से अब तक जिले में
599 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं,
460 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं,
जबकि 71 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
इन कार्रवाइयों से शेष बचे नक्सलियों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है और उनका नेटवर्क कमजोर होता जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक का बयान
सुकमा के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बस्तर अंचल में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नक्सलियों की हिंसक विचारधारा और उनके हथियार सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से बरामद सामग्री
सिंगल शॉट राइफल – 08 नग
12 बोर कारतूस – 15 नग
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर – 05 नग
कॉर्डेक्स वायर – 30 मीटर
सेफ्टी फ्यूज – 30 मीटर
मल्टीमीटर – 01 नग
पीईके विस्फोटक – 02 किलोग्राम
एएनएफओ विस्फोटक – 01 किलोग्राम
अमोनियम नाइट्रेट – 10 किलोग्राम
वायरलेस वीएचएफ सेट – 08 नग
वेल्डिंग मशीन – 01 नग
कटर मशीन – 01 नग
नक्सली वर्दी, वर्दी निर्माण सामग्री एवं साहित्य
इसके अलावा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य मशीनें और कच्चा माल भी जब्त किया गया है।









