केशकाल संवाददाता – विनीत पिल्लई
केशकाल क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक नीलकंठ टेकाम ने नगर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विधायक टेकाम ने कहा कि लंबे समय से जर्जर स्थिति में रही सड़कों के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल और अटल परिसर का भी अवलोकन किया। स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश अधिकारियों को दिए।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में केशकाल में कई और जनहितकारी कार्य पूरे किए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया है।









