Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची में बड़ा बदलाव: 27 लाख से ज्यादा नाम...

छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची में बड़ा बदलाव: 27 लाख से ज्यादा नाम हटे, 6 लाख मृत मतदाता सूची से बाहर

294
0

रायपुर।
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के पहले चरण के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश की मतदाता सूची से 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं

निर्वाचन आयोग के अनुसार हटाए गए नामों में बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की है, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो अब संबंधित पते पर निवास नहीं करते। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 6 लाख 42 हजार 234 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 1 लाख 75 हजार नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज पाए गए। इसके अलावा 19 लाख 13 हजार से अधिक मतदाता सर्वे के दौरान अपने पते पर नहीं मिले या राज्य से बाहर स्थानांतरित हो चुके हैं।

प्रदेश में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 1 करोड़ 84 लाख मतदाताओं ने ही गणना प्रपत्र जमा किया।

नाम जुड़वाने का अंतिम अवसर

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम प्रारूप सूची से हट गया है, उन्हें अंतिम अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। दावों की सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 14 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसके बाद फरवरी 2026 में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

ऐसे जुड़वाएं नाम

यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। यह आवेदन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास या ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।
वे नागरिक, जो 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, नाम जोड़ने के लिए पात्र होंगे।

नाम जांचने की सुविधा

मतदाता अपने नाम की जांच स्थानीय बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआई-इन-आईटी मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं।

आयोग का स्पष्टीकरण

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदान से वंचित करना नहीं है, बल्कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। सर्वे के दौरान छूटे पात्र मतदाता अब दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here