नई दिल्ली।
क्रिसमस से ठीक पहले सर्राफा बाजार में मजबूती देखने को मिली है। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। बुधवार को तीसरे दिन भी सोने के भाव ऊपर चढ़े, जबकि चांदी की कीमतों में भी इजाफा दर्ज किया गया।
दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम 10 रुपये महंगा हो गया है। इसी तरह 22 कैरेट सोने के दाम भी 10 रुपये बढ़े हैं। बीते तीन दिनों के दौरान 24 कैरेट सोने की कीमत में 4,380 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 22 कैरेट सोने में 4,010 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।
चांदी की चमक भी बढ़ी
चांदी की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है। दिल्ली में एक किलोग्राम चांदी आज 100 रुपये की बढ़त के साथ 2,23,100 रुपये पर पहुंच गई। पिछले तीन दिनों में चांदी की कीमतों में कुल 9,100 रुपये प्रति किलोग्राम का उछाल देखा गया है।
अन्य महानगरों की बात करें तो मुंबई और कोलकाता में चांदी के दाम दिल्ली के बराबर बने हुए हैं, जबकि चेन्नई में चांदी सबसे महंगी बिक रही है, जहां इसका भाव 2,34,100 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव
देश के बड़े शहरों में आज 18 कैरेट, 22 कैरेट और 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमतों में मजबूती रही। त्योहारी सीजन और आने वाले विवाह आयोजनों के चलते बाजार में खरीदारी का रुझान बढ़ा है।
आगे कितना महंगा हो सकता है सोना?
सोने को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तेजी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी अर्थशास्त्री और मार्केट एक्सपर्ट एड यार्डेनी का मानना है कि आने वाले वर्षों में सोने की कीमतों में बड़ी छलांग लग सकती है। उनके अनुसार, 2029 तक सोना 10,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच सकता है।
वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय बाजारों, खासकर न्यूयॉर्क के COMEX, में सोना करीब 4,400 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो भारतीय बाजार में सोने के दामों में करीब 127 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव है और कीमतें 3 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार जा सकती हैं।
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सोना निवेश के लिहाज से सुरक्षित विकल्प बना हुआ है। इतिहास बताता है कि जब सोने में लंबी अवधि की तेजी आती है, तो यह अक्सर बाजार की अपेक्षाओं से कहीं ज्यादा होती है।









