रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार की शाम रायपुर के खमतराई स्थित शिव आदि शक्ति मंदिर परिसर, श्रीनगर चौक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा भारत माता की भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों के साथ आरएसएस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मौके पर भारत माता की आरती, देशभक्ति के नारे और उत्साहपूर्ण माहौल ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आरएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में भारत माता की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित राम शर्मा ने विधि-विधान से आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘धर्म की जय हो’, ‘सत्य की विजय हो’ जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित करके अटल जी के राष्ट्र सेवा और कर्तव्य निष्ठा को नमन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसएस के क्षेत्रीय पदाधिकारी श्री अभिषेक भारद्वाज शामिल हुए। उनके साथ प्रांत स्तर के वरिष्ठ स्वयंसेवक श्री मोहन उपार्कर जी, श्री कनहैया जी समेत संगठन के अनेक जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अटल जी के विचार, उनकी कार्यशैली और राष्ट्र के प्रति निष्ठा आज भी हर भारतवासी को प्रेरित करती है। उनके जन्मदिन के अवसर पर हम सबको राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा की भावना को पुनः जागृत करने का संकल्प लेना चाहिए।
अभिषेक भारद्वाज ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और मानवता के प्रतीक थे। उन्होंने अपने जीवन में सादगी, ईमानदारी और आदर्शों को कभी नहीं छोड़ा। उनके बताए मार्ग पर चलना आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि अटल जी के विचारों के पुनः स्मरण का अवसर है।
आरती समाप्त होने के बाद परिसर में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने मिलकर भारत माता की जयघोष किया और मंदिर के चारों ओर दीपों की पंक्तियाँ सजाई गईं। महिलाओं और युवाओं ने भक्ति गीतों से माहौल को और भी पवित्र बना दिया। आरएसएस स्वयंसेवकों ने शांति और अनुशासन के साथ पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। सभा के अंत में सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा गया। खमतराई और आसपास के क्षेत्रों से लोग परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हुए। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहा। अंत में पुजारी पंडित राम शर्मा ने सभी को प्रसाद वितरित किया और देश की एकता, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
अटल जी के जन्मदिन पर हुआ यह आयोजन न केवल उनके योगदान को स्मरण करने का माध्यम बना, बल्कि एक बार फिर लोगों को राष्ट्रप्रेम के भाव से जोड़ गया। खमतराई का शिव आदि शक्ति मंदिर उस शाम भारतीयता और समर्पण की भावना से आलोकित प्रतीत हो रहा था।









