बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
पुलिस ने कहा- दो अज्ञात लोगों ने की है वारदात
पामेड़ थाना क्षेत्र के एर्रापल्ली गांव की घटना
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में फिर नक्सलियों ने एक आत्म समर्पित नक्सली युवक की निर्मम हत्या कर दी है। घर में घुस आए दो नकाबपोश नक्सलियों ने युवक को टंगिये से काट डाला।
यह वारदात 26 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम एर्रापल्ली में हुई है। इस गांव के निवासी पुनेम बुधरा पिता जोगा उम्र 22 वर्ष की हत्या किए जाने की खबर है। पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे नकाबपोश 2 अज्ञात व्यक्ति पुनेम बुधरा के घर के अंदर घुसे। इन दोनों ने पुनेम बुधरा पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मार डाला। सूत्रों ने बताया कि पुनेम बुधरा आत्मसमर्पित नक्सली था। उसने 2022 में सुकमा जिले में आत्मसमर्पण किया था और इसके बाद से वह अपने गृहग्राम एर्रापल्ली में रहने लगा था। इस घटना को नक्सलियों द्वारा अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है। बुधराम पर पुलिस मुखबिरी का भी आरोप लगाया है। पुलिस घटना की तस्दीक एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु बल तत्काल रवाना किया गया है। घटना की पुष्टि उपरांत विस्तृत एवं अद्यतन जानकारी पृथक से अवगत कराई जाएगी। इस घटना की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है। लेकिन माओवादी घटना की पुलिस ने अभी तक पुष्टि नहीं की है।









