जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा , 27 दिसंबर 2025।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिला ऑडिटोरियम, जांजगीर में नोडल अधिकारियों, धान खरीदी केंद्र प्रभारियों एवं ऑपरेटरों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गड़बड़ी या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कलेक्टर श्री महोबे ने पी.व्ही. ऐप एवं सतर्कता ऐप में प्रविष्टियाँ दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी से संबंधित सभी जानकारियाँ समय पर, सही और पूर्ण रूप से दर्ज होना अनिवार्य है। ऐप में की गई छोटी सी गलती भी किसानों को भुगतान, तौल या पंजीयन में परेशानी में डाल सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी और ऑपरेटर की होगी।
मानकों से समझौता नहीं
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों पर नमी परीक्षण, तौल, टोकन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी समिति प्रबंधकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन द्वारा निर्धारित वजन से कम या अधिक तौलाई किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में अनाधिकृत धान की खरीदी नहीं होनी चाहिए तथा धान का सत्यापन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
रकबा समर्पण की होगी नियमित निगरानी
बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदारों को रकबा समर्पण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक किसानों को ही धान खरीदी का लाभ मिल सके और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
तकनीकी प्रशिक्षण और सतर्कता पर जोर
बैठक के दौरान ऐप संचालन, डेटा एंट्री, त्रुटि सुधार तथा सतर्कता संबंधी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी ऑपरेटर तकनीकी रूप से दक्ष हों और किसी भी समस्या की तत्काल रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी जाए।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्री महोबे ने दो टूक कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में रहे ये अधिकारी उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, जिला खाद्य अधिकारी श्री कौशल साहू, सीसीबी नोडल श्री अमित साहू, डीएमओ श्री रमेश लहरे सहित सभी एसडीएम, धान खरीदी के नोडल एवं प्रभारी अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी, समिति प्रबंधक, कृषि विस्तार अधिकारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में धान खरीदी को लेकर प्रशासन की यह सख्त और स्पष्ट पहल किसानों के हित में एक मजबूत संदेश है कि शासन उनकी मेहनत की फसल का पूरा और पारदर्शी मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









