मुंबई के भांडुप पश्चिम इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। BEST की एक बस रिवर्स लेते समय अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर मौजूद 13 लोगों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुंबई पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 9:35 बजे भांडुप पश्चिम स्टेशन रोड पर हुआ। घटना के तुरंत बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल, BEST के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों और मृतकों को राजावाड़ी बीएमसी अस्पताल और एम.टी. अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया।
राजावाड़ी अस्पताल में 31 वर्षीय एक अज्ञात महिला को मृत घोषित किया गया, जबकि एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में तीन अन्य लोगों की जान नहीं बच सकी। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, नौ घायलों का इलाज अभी जारी है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
फुटपाथ पर अतिक्रमण बना हादसे की वजह?
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इलाके में फुटपाथ पर ठेलेवालों का अतिक्रमण लंबे समय से है। जगह की कमी के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे खतरा बढ़ जाता है। लोगों के मुताबिक, सस्ती सब्जियों और बाजार के कारण यहां हमेशा भारी भीड़ रहती है, और ऐसे में बड़ी बसों को मोड़ने या रिवर्स लेने में काफी दिक्कत होती है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि ठीक एक साल पहले दिसंबर 2024 में कुर्ला इलाके में भी BEST बस से जुड़ा बड़ा हादसा हुआ था। उस समय ब्रेक फेल होने के कारण बस ने करीब 30 लोगों को कुचल दिया था, जिसमें चार लोगों की मौत और 26 के घायल होने की खबर सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने BEST बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









