Home मुख्य ख़बरें छत्तीसगढ़ में सर्दी का कहर जारी, उत्तर और मध्य इलाकों में शीतलहर...

छत्तीसगढ़ में सर्दी का कहर जारी, उत्तर और मध्य इलाकों में शीतलहर के आसार, 5 दिनों में बढ़ सकता है तापमान

115
0

रायपुर-

छत्तीसगढ़ में सर्दी का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। खासतौर पर अंबिकापुर, कोरिया, सरगुजा और बलरामपुर जैसे जिलों में सुबह और शाम के समय ठंड और तेज महसूस की जा सकती है।

हालांकि राहत की बात यह है कि आने वाले पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है।

अंबिकापुर सबसे ठंडा इलाका

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जहां पारा गिरकर 4.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी बड़े मौसम तंत्र के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं और 30 दिसंबर तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

रायपुर का मौसम कैसा रहेगा

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर बना रहेगा। सुबह के समय हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here