बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
गले और हाथों पर हैं गहरे जख्म, अस्पताल में भर्ती
जगदलपुर। बस्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल रहस्यमय ढंग से बुरी तरह घायल हो गई हैं। उन्हें जगदलपुर के महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके गले और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं
जगदलपुर कोतवाली पुलिस को जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की 51 वर्षीय पत्नी सुमित्रा बघेल को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। पुलिस टीम द्वारा अस्पताल जाकर परिजनों से पूछताछ की गई। पूछताछ से पुलिस को प्रथम दृष्टया यह ज्ञात हुआ कि सुमित्रा बघेल अपनी माताजी की मृत्यु के बाद से मानसिक तनाव के दौर से गुजर रही हैं। इसी तनाव के चलते उन्होंने स्वयं को चोटिल किया है। उनका उपचार जारी है। मामले में अग्रिम जांच की जा रही है।
कोंग्रेस के वरिष्ठ नेता लखेश्वर बघेल की पत्नी द्वारा खुद को चोटिल करने की बात से हर कोई स्तब्ध है। हालांकि पुलिस द्वारा पत्रकारों को अस्पष्ट जानकारी दी गई है। विधायक लखेश्वर बघेल की तरफ से भी कोई बयान नहीं आया है किंतु अन्य सूत्रों ने दावा किया है कि सुमित्रा बघेल घरेलू हिंसा का शिकार हुई हैं। पारिवारिक कलह के कारण ही ऐसी स्थिति पैदा हुई है। सूत्रों ने बताया कि सुमित्रा बघेल के गले और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। संभवतः पुलिस अभी उनका बयान दर्ज नहीं कर पाई है। सुमित्रा बघेल का बयान आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर जगदलपुर और पूरे बस्तर विधानसभा क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं चल रही हैं।









