Home मुख्य ख़बरें चमोली में निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा: दो लोको ट्रेनें टकराईं, 60...

चमोली में निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा: दो लोको ट्रेनें टकराईं, 60 मजदूर घायल, CM धामी ने तुरंत बेहतर इलाज के निर्देश दिए

61
0

चमोली, उत्तराखंड। चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टीएचडीसी जल विद्युत परियोजना की टनल (टीबीएम साइट) पर मंगलवार को एक गंभीर हादसा हुआ। शिफ्ट बदलने के दौरान टनल में मजदूरों को ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई, जिससे कई मजदूर घायल हो गए।

60 लोगों के घायल होने की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 100 लोगों में से करीब 60 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में से 42 का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है, जबकि 17 को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। अन्य मजदूरों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायल मजदूरों को तुरंत और बेहतर उपचार मुहैया कराया जाए।

CM धामी ने दिए स्पष्ट निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना के तुरंत बाद अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि वे जिलाधिकारी चमोली के संपर्क में हैं। उन्होंने घायलों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा देने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च अस्पताल में रेफर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी घायल मजदूरों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here