बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
निजी कंपनी को 300 करोड़ का फायदा पहुंचाने के लिए रची गई साजिश
पीएमओ में शिकायत करेंगे कांग्रेस नेता मौर्य
पंचायतों को सीएसआर राशि नहीं दे रहा है एनएमडीसी: रेखचंद जैन
जगदलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आज पत्रकार वार्ता में एनएमडीसी पर गंभीर आरोप लगाए। सुशील मौर्य ने साक्ष्यों के साथ दावा किया कि एनएमडीसी अपने चहेते को फायदा पहुंचाने नियमों में बदलाव कर अन्य दावेदारों के के साथ अन्याय कर रहा है।
कांग्रेस नेता सुशील मौर्य ने कहा कि पूर्व में एनएमडीसी सूपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनने की जगह को परिवर्तित कर चुका है और अब जब डिमरापाल में सूपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनकर तैयार हो चुका है तो उसके संचालन से भी पीछे हट चुका है। वहीं सूपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को निजी हाथों में सौंप रहा है। एनएमडीसी का मन इससे भी नहीं भरा तो आम जनता के हितों पर कुठाराघात कर अपने पसंदीदा को फायदा पहुंचाने निविदा प्रक्रिया में बदलाव कर दिए हैं। एनएमडीसी ने कहने को तो सार्वजनिक उपक्रमों से निविदा आमंत्रित कर रही है, परंतु केवल एक निजी संस्थान को सौंपने नियमों में बदलाव कर चुका है। जिसके चलते दूसरी संस्थाएं स्वतः ही इस दौड़ से बाहर हो गई हैं। सुशील मौर्य ने 300 करोड़ रुपए में सूपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को अपनी पसंदीदा कंपनी को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी एनएमडीसी के इसकी शिकायत पीएमओ तक करेगी और भविष्य में इसे लेकर बड़ी लड़ाई भी लड़ेगी।
जारी करें सीएसआर राशि: जैन
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने भी प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि एनएमडीसी सीएसआर मद के लाभ से ग्राम पंचायतों को वंचित कर रहा है। श्री जैन ने एनएमडीसी प्रबंधन से पूछा है कि दो वर्ष पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान एनएमडीसी बराबर सीएसआर मद से ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कार्य करता रहा है परंतु आज उसे कौन रोक रहा है जो वह बस्तर की ग्राम पंचायतों को उनके हक से दूर कर रहा है? रेखचंद जैन ने एनएमडीसी से तत्काल सीएसआर मद से ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों हेतु राशि जारी करने की मांग रखी है।
प्रभारी मंत्री शर्मा हैं बेपरवाह
महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष लता निषाद एवं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री तथा बस्तर के जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विजय शर्मा को जनता ने जिस कार्य के लिए चुना है वे उस कार्य को छोड़कर सारे कार्य कर रहे हैं,वे बस्तर दौरे पर तो खूब आते हैं, परंतु प्रभारी मंत्री के नाते कभी शासकीय विभागों की समीक्षा बैठक नहीं लेते जिसके चलते ही महज 2 वर्ष में ही बस्तर की स्वास्थ्य सेवाएं वेंटीलेटर पर चली गई है। लता एवं जावेद ने नेतानार के चित्तलगुर पंचायत गुढ़ियापदर ग्राम
की एक मरीज को विगत दिनों एंबुलेंस नहीं मिलने की वजह से परिजनों द्वारा मरीज को चारपाई पर लेटा कर मीलों सफर करने मजबूर ग्रामीणों के वायरल विडियो का हवाला देते हुए कहा है कि विजय शर्मा ने पीड़ित की सुध लेने में दिलचस्पी दिखाई होती तो आज परिस्थितियां कुछ और होती। सुशील मौर्य ने कहा है प्रभारी मंत्री विजय शर्मा को एक कथावाचक के लिए शासकीय विमान देने फुर्सत मिल गई हो तो बस्तर के मरीजों को एंबुलेंस दिलाने कार्य करना चाहिए जिस कार्य के लिए जनता ने उन्हें चुना है।









