डोईवाला। राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लालतप्पड़ साईं मंदिर के पास एक चलती उत्तराखंड रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई।
घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है। बस लोहाघाट से देहरादून की ओर आ रही थी। जैसे ही बस में आग लगने के संकेत मिले, चालक ने सूझ-बूझ और हिम्मत का परिचय देते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका। इसके बाद उसने बिना घबराए एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
बस में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। यात्रियों के बाहर निकलते ही कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को घेर लिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।







