नए साल के जश्न में की गई एक बड़ी लापरवाही एअर इंडिया के एक पायलट को भारी पड़ गई। कनाडा के वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एअर इंडिया का पायलट कथित तौर पर नशे की हालत में विमान उड़ाने पहुंच गया, जिससे यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि उड़ान से पहले पायलट के व्यवहार और मुंह से शराब की गंध आने पर एयरपोर्ट स्टाफ को संदेह हुआ। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचना दी गई। जांच के दौरान पायलट को आगे की उड़ान प्रक्रिया से अलग कर लिया गया और हिरासत में ले लिया गया।
ड्यूटी फ्री स्टोर से सामने आया मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वैंकूवर एयरपोर्ट के ड्यूटी फ्री स्टोर में काम करने वाले एक कर्मचारी ने पायलट को शराब पीते हुए देखा था। कर्मचारी का दावा है कि शराब की बोतल खरीदते समय भी पायलट से शराब की तेज गंध आ रही थी। इसी सूचना के आधार पर कनाडाई अधिकारियों ने सतर्कता बरती।
सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और यह पुष्टि की कि संबंधित व्यक्ति एअर इंडिया की उड़ान का पायलट था। इसके बाद उसे विमान से बाहर निकालकर पूछताछ शुरू की गई।
फिटनेस पर उठे सवाल
जांच के दौरान पायलट की मानसिक और शारीरिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। कुछ सूत्रों का कहना है कि पायलट ने अनजाने में शराब पीने की बात कही, जबकि अन्य रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह पहले से नशे में था। फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।
DGCA कर रहा जांच, उड़ान ड्यूटी से हटाया गया
घटना की जानकारी भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है। एअर इंडिया ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पायलट को तत्काल उड़ान ड्यूटी से हटा दिया है। पायलट को कुछ दिनों बाद दिल्ली लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
DGCA द्वारा जांच पूरी होने तक पायलट किसी भी तरह की उड़ान ड्यूटी नहीं निभा सकेगा। एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।









