भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा साल 2023 में सर्कुलेशन से बाहर किए गए 2000 रुपये के गुलाबी नोटों (Rs 2000 Note) की शत-प्रतिशत वापसी अभी तक नहीं हो सकी है. 2025 के आखिरी दिन तक के आंकड़े सामने आ चुके हैं और RBI ने बताया है कि अभी भी 5000 करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य के गुलाबी नोटों की वापसी का इंतजार है. यानी इतनी बड़ी रकम के बंद किए गए नोट अब भी लोगों के पास मौजूद हैं. खास बात यह है कि रिटर्न की सुविधाएं जारी रहने के बावजूद इन नोटों की वापसी की रफ्तार काफी धीमी हो गई है.
RBI ने 2000 रुपये के नोटों को लेकर एक अहम अपडेट जारी किया है. बैंक के मुताबिक, 19 मई 2023 को सर्कुलेशन से बाहर किए गए इन गुलाबी नोटों की पूरी वापसी अभी तक नहीं हो पाई है. उस समय बाजार में 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के ये नोट मौजूद थे. 31 दिसंबर 2025 तक कुल 98.41 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं. इसके बावजूद अभी भी 5,669 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 के नोट लोगों के पास हैं.
सर्कुलेशन से बाहर किए जाने के बाद RBI ने लोगों को इन नोटों को जमा कराने और बदलने की सुविधा दी थी. शुरुआती दिनों में इनकी वापसी की रफ्तार काफी तेज रही, लेकिन अब यह बहुत धीमी पड़ गई है. आंकड़ों के मुताबिक, 31 अक्टूबर को बाजार में 2000 रुपये के नोटों की वैल्यू 5,817 करोड़ रुपये थी. वहीं अब यह घटकर 5,669 करोड़ रुपये रह गई है. यानी पिछले दो महीनों में सिर्फ 148 करोड़ रुपये मूल्य के नोट ही वापस आ सके हैं.
केंद्रीय बैंक ने नवंबर 2016 में 2000 रुपये के नोट जारी किए थे. उस समय 500 और 1000 रुपये के नोटों की नोटबंदी की गई थी. नोटबंदी के असर को कम करने और बाजार में नकदी की कमी दूर करने के लिए ये बड़े नोट लाए गए थे. बाद में जब अन्य मूल्यवर्ग के नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो गए, तो RBI ने क्लीन नोट पॉलिसी (Clean Note Policy) के तहत 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोटों को सर्कुलेशन से हटाने का फैसला किया.
2000 रुपये के नोटों को चलन से बाहर करने के बाद RBI ने 7 अक्टूबर 2023 तक सभी बैंकों की शाखाओं में इन्हें बदलने और जमा कराने की सुविधा दी थी. इसके बाद बैंकों में यह सुविधा बंद कर दी गई और अब केवल RBI के 19 कार्यालयों में ही इन नोटों को बदला जा सकता है.
इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम शामिल हैं.
इसके अलावा, लोगों की सुविधा के लिए RBI ने इंडिया पोस्ट के जरिए डाकघर से 2000 रुपये के नोट भेजकर बदलने की सुविधा भी दी हुई है.







