एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X ने साफ कर दिया है कि अब प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह का गैरकानूनी या अश्लील कंटेंट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कंपनी ने कहा है कि अगर कोई यूजर ऐसा कंटेंट पोस्ट करता है या फिर AI टूल Grok की मदद से गलत चीजें बनाता है, तो उसका अकाउंट हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा.
X की तरफ से बताया गया है कि प्लेटफॉर्म पर अवैध कंटेंट को लेकर अब कोई नरमी नहीं होगी. खासतौर पर बच्चों से जुड़े यौन शोषण जैसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाएगी. ऐसा कंटेंट दिखते ही हटाया जाएगा और उसे डालने वाले अकाउंट को हमेशा के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा. कंपनी का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस और दूसरी एजेंसियों को भी जानकारी दी जाएगी.
एलन मस्क ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर कोई Grok AI का इस्तेमाल करके गलत तस्वीरें या आपत्तिजनक कंटेंट बनाता है, तो उसे भी वही सजा मिलेगी जो खुद पोस्ट करने वालों को मिलती है. उनका कहना है कि AI का गलत इस्तेमाल भी कानून के दायरे में आता है. X ने बताया कि Grok से बनने वाले कंटेंट पर भी वही नियम लागू होंगे, जो बाकी पोस्ट पर होते हैं.









