नई दिल्ली।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कानून-व्यवस्था बिगड़ती नजर आई। तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही दरगाह के पास अवैध निर्माण हटाने पहुंची दिल्ली पुलिस और नगर निगम (MCD) की टीम पर मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात जमकर पथराव किया गया। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हो गए।
हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। तंग गलियों वाले इलाके में स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही।
हाईकोर्ट के आदेश पर चल रही थी कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही थी। अदालत ने फैज-ए-इलाही दरगाह के आसपास सार्वजनिक जमीन पर बने अवैध ढांचों को हटाने का आदेश दिया था। इसी के तहत रात करीब एक बजे MCD और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तोड़फोड़ अभियान शुरू किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के लिए 30 से अधिक बुलडोजर और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीड़ बढ़ गई और हालात बेकाबू हो गए।
पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस और निगम की टीम पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद उपद्रवी गलियों में भागते नजर आए।
बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ने के चलते MCD को अस्थायी रूप से कार्रवाई रोकनी पड़ी। प्रशासन ने अब सुबह के समय दोबारा डिमोलिशन ड्राइव चलाने का फैसला किया है।
क्या-क्या हटाया गया
अब तक की कार्रवाई में मस्जिद के पास बने एक बारात घर के हिस्से को गिराया गया है। इसके अलावा दो दुकानें और तीन अवैध डिस्पेंसरी भी हटाई गई हैं। नगर निगम का कहना है कि सभी निर्माण सरकारी जमीन पर बने हुए थे।
हालात नियंत्रण में, उपद्रवियों की पहचान जारी
सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस मधुर वर्मा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पूरे इलाके को 9 जोन में बांटा गया है और हर जोन की जिम्मेदारी एडीसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर पत्थरबाजी करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ट्रैफिक प्रभावित, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
डिमोलिशन अभियान को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। रामलीला मैदान, जेएलएन मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड और दिल्ली गेट के आसपास यातायात धीमा रह सकता है।
कमला मार्केट गोलचक्कर से आसफ अली रोड तक का रास्ता बंद रहेगा, जबकि महाराजा रणजीत सिंह मार्ग पर भी अस्थायी रोक लगाई गई है। लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।
क्या है अतिक्रमण का पूरा मामला
दरअसल, एक एनजीओ ने रामलीला मैदान से सटी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर MCD में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में L&DO, DDA और MCD की संयुक्त टीम ने सर्वे किया, जिसमें करीब 2500 वर्ग फुट सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।
मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा, जहां नवंबर 2025 में अदालत ने MCD को तीन महीने के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। उसी आदेश के तहत यह कार्रवाई की जा रही थी, जिसे रोकने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई।








