नई दिल्ली।
दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर MrBeast एक बार फिर भारतीय दर्शकों के बीच चर्चा में हैं। इस बार वजह है उनका भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली को दिया गया खुला कोलैबोरेशन ऑफर। MrBeast ने एक इंटरव्यू के दौरान विराट कोहली के साथ वीडियो बनाने की इच्छा जाहिर की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
MrBeast, जिनका असली नाम जेम्स स्टीफन डोनाल्डसन है, अपने हाई-बजट और अनोखे चैलेंज वीडियो के लिए दुनियाभर में पहचाने जाते हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर फिलहाल 458 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, जिससे वह विश्व के सबसे बड़े कंटेंट क्रिएटर बन चुके हैं। इससे पहले वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो, नेमार जूनियर, नोआ लाइल्स और कार्लोस अल्काराज जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ भी वीडियो कर चुके हैं।
भारत को बताया बड़ा ऑडियंस बेस
एक मीडिया इंटरव्यू में MrBeast ने भारतीय दर्शकों के प्रति अपना लगाव जाहिर करते हुए कहा कि भारत उनके सबसे बड़े ऑडियंस बेस में शामिल है। इसी दौरान उन्होंने विराट कोहली को सीधे संबोधित करते हुए वीडियो शूट करने का न्योता दिया।
MrBeast के इस बयान के सामने आते ही क्रिकेट और डिजिटल कंटेंट फैंस के बीच हलचल तेज हो गई। सोशल मीडिया पर लोग इस संभावित कोलैबोरेशन को लेकर उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।
पहले भी कर चुके हैं संपर्क
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब MrBeast ने विराट कोहली के साथ काम करने की इच्छा जताई हो। इससे पहले अप्रैल 2025 में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर विराट को टैग करते हुए पोस्ट किया था, जो काफी वायरल हुआ था। हालांकि उस समय यह कोलैब साकार नहीं हो सका था।
मैदान पर भी शानदार लय में विराट
डिजिटल दुनिया के अलावा विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में वह एक बार फिर खेलते नजर आएंगे।
साल 2025 विराट के लिए बेहतरीन रहा, जिसमें उन्होंने 651 रन बनाकर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में साल का समापन किया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में विराट ने दो शतक और एक अर्धशतक की मदद से 302 रन बनाए थे। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी दमदार प्रदर्शन किया।









