भरतपुर संवाददाता – जवाहर यादव
भरतपुर विकासखंड के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओहनिया में जिला अध्यक्ष श्रीमती यशवंत सिंह का दौरा हुआ। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवेदन प्राप्त किए।
जिला अध्यक्ष ने मनरेगा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और यह सवाल उठाया कि क्या योजना का लाभ शत-प्रतिशत ग्रामीणों को मिल रहा है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा का उद्देश्य गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को पलायन न करना पड़े।
वहीं जनमन आवास योजना के संबंध में सचिव और सरपंच से जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत ओहनिया में कुल 82 आवासों का निर्माण कार्य वर्तमान में चालू है। इस पर श्रीमती यशवंत सिंह ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्यों की सूची भी तैयार कर अपने साथ ले गईं। इसमें चार हैंडपंप खनन, सात जल संरक्षण कार्यों के लिए बिल्डर केबिन निर्माण, सीसी रोड ढूंढी निर्माण, नदी सफाई सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन कार्यों को जल्द स्वीकृति दिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और गांव के समग्र विकास को गति मिलेगी।









