भारत में बहुत जल्द हाइड्रोजन ट्रेन पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ट्रायल के लिए तैयार है। जल्द ही इसका ट्रायल रन शुरू होगा। भारतीय रेलवे का यह पायलट प्रोजेक्ट अपने आखिरी चरण में है। दुनिया में चीन और जर्मनी में हाइड्रोजन ट्रेन चल रही है। हालांकि भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन इन दोनों देशों से भी एडवांस तकनीक वाली होगी।
भारत की यह ट्रेन ब्रॉड गेज (5 फीट 6 इंच) पर बनी सबसे लंबी ट्रेन है। साथ ही, दो पावर कार से कुल 2,400 kW की पावर के साथ यह दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक मानी जा रही है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक पायलट फेज में यह ट्रेन हरियाणा में जिंद से सोनीपत के बीच चलाई जाएगी। यह ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी ब्रॉड गेज हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक होगी। इसमें कुल 10 कोच होंगे, जिनमें 2 ड्राइविंग पावर कार और 8 पैसेंजर कोच शामिल हैं। सभी कोच चेन्नई स्थित ICF में पूरी तरह देश में ही डिजाइन और बनाए गए हैं।








