बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के दरभा मंडल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार, शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालय मावलीपदर, नेगानार, तीरथगढ़, कोलेंग, सेजस दरभा, चिंगपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने 209 छात्राओं को साइकिल वितरण किया।
सायकल वितरण समारोह का आयोजन ग्राम छिंदबहार के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में किया गया था। सरस्वती साइकिल योजना तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार, मावलीपदर, नेगानार, तीरथगढ़, कोलेंग, सेजस दरभा, सेजस चिंगपाल की 209 छात्राओं को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने साइकिल वितरण किया। मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जलवन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। साइकिल वितरण समारोह को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत आज दरभा मंडल में विभिन्न विद्यालयों के छात्राओं को साइकिल वितरण किया जा रहा है। सभी छात्राओं को बधाई व शुभकामनाएं। बेटियां हैं, तो कल है, बेटी पढ़ेगी विकास गढ़ेगी। सभी बच्चे बेहतर ढंग से पढ़ाई करें और अपने विद्यालय का नाम रोशन करें। हमारे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं सभी क्षेत्रों में प्रदेश का समग्र विकास हो। विधायक किरण सिंह देव ने छात्र छात्राओं से मुखातिब होते हुए कहा कि यही समय होता है अपने लक्ष्य निर्धारित कर रुचि अनुरूप विषय में पढ़ाई कर आगे बढ़ने का। जीवन में शिक्षा का विशेष महत्व होता है। श्री देव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों को स्कूल आने में परेशानी न हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए सरस्वती साईकिल योजना के तहत बेटियों को साईकिल वितरण किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों के लिए अच्छा अवसर देना हमारा कर्तव्य है। हमारी सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में आगे की ओर अग्रसर होते हुए प्रदेश में बेहतर शिक्षा देना हमारा कर्तव्य है। जगदलपुर विधानसभा के सभी स्कूलों को व्यवस्थित और बेहतर बनाया जाएगा। किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होगी। साइकिल वितरण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेगानार की 35, मावलीपदर की 15, छिंदबहार की 34, तीरथगढ़ की 11, कोलेंग की 08, सेजेश दरभा की 46 और चिंगपाल की 60 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, जनपद अध्यक्ष मानकदई कश्यप, जिला पंचायत सदस्य संपत्ति नाग, परेश बेसरा, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद बेंजाम, जनपद सदस्य कमलूराम कवासी, संरपंच सोनाधर, जयराम, लिबरूराम, संतोष बघेल, अंनत राम कश्यप, फूलसिंह सेठिया, गागराराम नाग, धरमू मंडावी लखीधर, धमेंद्र ठाकुर, जनपद सीईओ विपिन दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, बीईओ जगदीश पात्र एवं भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता, स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।









