रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर दिशा से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के चलते ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल ठंड से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों में सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीत लहर दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का असर अभी बना रहेगा, जिससे अगले 24 घंटे में तापमान और गिर सकता है। हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
इन जिलों में शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 8 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में कुछ स्थानों पर शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है।
वहीं 8 से 9 जनवरी के बीच रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में भी ठंड का असर जारी रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने और आवश्यक एहतियात अपनाने की सलाह दी है।







