आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। यह मामला अब सिर्फ खिलाड़ियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बांग्लादेश ने इसे सीधे तौर पर देश की गरिमा और सम्मान से जोड़ दिया है। बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने साफ शब्दों में कहा है कि उनका देश “राष्ट्रीय अपमान, खिलाड़ियों और नागरिकों की सुरक्षा से समझौता कर किसी भी कीमत पर भारत में वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार नहीं है।”
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आसिफ नजरुल ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को यह समझाने की हर संभव कोशिश करेंगे कि बांग्लादेश की चिंताओं को अब तक गंभीरता से नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ने कड़ी मेहनत से T20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया है और टीम टूर्नामेंट खेलना चाहती है, लेकिन आत्मसम्मान और सुरक्षा की कीमत पर नहीं।
दरअसल, विवाद की जड़ उस घटना से जुड़ी है, जिसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने औपचारिक रूप से ICC से मांग की कि T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मुकाबलों के वेन्यू बदले जाएं।
हालांकि, ICC ने अपने जवाब में यह कहते हुए शेड्यूल में किसी बदलाव से इनकार कर दिया कि टूर्नामेंट के दौरान बांग्लादेश के लिए किसी तरह की सुरक्षा समस्या की जानकारी उनके पास नहीं है। इस रुख पर बांग्लादेश ने कड़ा ऐतराज जताया है।







