बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु निरंतर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नवोदय विद्यालय, बीजापुर में विद्यार्थियों को यातायात एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर तथा रोड सेफ्टी सेल से श्री अवध सिन्हा उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री अवध सिन्हा द्वारा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, मोबाइल फोन से दूरी, नाबालिग वाहन चालन के दुष्परिणाम एवं सुरक्षित यात्रा के व्यवहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

यातायात प्रभारी का संदेश
यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर ने अपने संक्षिप्त संदेश में कहा कि
“सड़क पर चलने वाला प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का पालन करे, क्योंकि नियम केवल दंड के लिए नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं, यदि वे अभी से नियमों को अपनाएंगे तो सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि सावधानी, संयम और नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है। 🚦🛣️
_अंगादेव मेला, गोरना (मद्देड थाना क्षेत्र) में यातायात जागरूकता रथ का आगमन_
इसी कड़ी में मद्देड थाना अंतर्गत गोरना ग्राम में आयोजित अंगादेव मेला के दौरान यातायात जागरूकता रथ पहुँचाया गया। मेले में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणजनों एवं श्रद्धालुओं को यातायात कर्मचारियों एवं मद्देड थाना प्रभारी द्वारा सड़क सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
थाना प्रभारी का संदेश
थाना प्रभारी द्वारा कहा गया कि—
“त्योहार, मेले और भीड़-भाड़ के समय वाहन चलाते हुए विशेष सावधानी बरतें, शराब पीकर वाहन न चलाएँ, दोपहिया वाहन पर हेलमेट अवश्य पहनें और बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। आपकी सतर्कता ही आपके परिवार की सुरक्षा है।”
मेले में उपस्थित लोगों को पंपलेट वितरण, मौखिक संदेश एवं जागरूकता रथ के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के दौरान पूरे बीजापुर जिले में यातायात विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा स्कूल, कॉलेज, ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक आयोजनों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।









