रायपुर –
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल की गई है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार ‘स्वस्थ वेटिंग लाउंज’ की शुरुआत की गई है। यह सुविधा भारतीय रेलवे की नई और अभिनव गैर-किराया राजस्व योजना NINFRIS (New, Innovative Non-Fare Revenue Ideas Scheme) के तहत विकसित की गई है।
बता दें कि इस आधुनिक वेटिंग लाउंज का शुभारंभ रायपुर से बड़ोदरा की यात्रा पर जा रहे यात्री चंद्रकांत बलावंत तथा रायपुर से उज्जैन जा रहीं यात्रियों ओजस्वी और आरुषि द्वारा किया गया। रेलवे अधिकारियों ने इसे यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल बताया।
स्वस्थ वेटिंग लाउंज के शुरू होने से यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान केवल बैठने की नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कई सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। लाउंज में योग और मेडिटेशन के लिए शांत वातावरण, मिनी फिटनेस कॉर्नर, लाइट एक्सरसाइज इक्विपमेंट, आरामदायक सोफा और प्रीमियम रीक्लाइनर मसाज चेयर उपलब्ध कराई गई हैं।







