सैम ऑल्टमैन की कंपनी ओपनएआई ने हेल्थ से जुड़ी जानकारी के लिए एक नया फीचर ‘चैटजीपीटी हेल्थ’ लॉन्च किया है. यह फीचर यूजर्स को अपने मेडिकल रिकॉर्ड और फिटनेस ऐप्स जैसे एपल हेल्थ और मायफिटनेसपाल को चैटजीपीटी से जोड़ने की सुविधा देगा.
कंपनी का दावा है कि इसकी मदद से लोग अपनी बीमारियों, लैब टेस्ट रिपोर्ट और फिटनेस रूटीन को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे. फिलहाल इस फीचर के लिए वेटलिस्ट शुरू की गई है.
ओपनएआई ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि हर हफ्ते दुनियाभर में करीब 23 करोड़ लोग चैटजीपीटी से स्वास्थ्य और वेलनेस से जुड़े सवाल पूछते हैं. इसी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कंपनी ने डॉक्टरों के साथ मिलकर ‘चैटजीपीटी हेल्थ’ को डिजाइन किया है.
इसका मकसद लोगों को उनकी सेहत के प्रति ज्यादा जागरूक बनाना और डॉक्टर से मिलने से पहले उन्हें बेहतर तरीके से तैयार करना है.
चैटजीपीटी हेल्थ की सबसे बड़ी खासियत इसका इंटीग्रेशन है. यूजर्स अपने मेडिकल डेटा और वेलनेस ऐप्स को इससे सुरक्षित तरीके से कनेक्ट कर सकेंगे.
• टेस्ट रिपोर्ट समझना: यह हालिया लैब टेस्ट रिपोर्ट को आसान भाषा में समझाने में मदद करेगा.
• वर्कआउट और डाइट: आपकी लाइफस्टाइल के हिसाब से डाइट और एक्सरसाइज की सलाह देगा.
• इंश्योरेंस सलाह: आपके हेल्थ पैटर्न के आधार पर अलग-अलग इंश्योरेंस विकल्पों के फायदे और नुकसान बताएगा.









