सोमनाथ (गुजरात) – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन रविवार को ऐतिहासिक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के कार्यक्रम में शामिल हुए और शौर्य यात्रा में हिस्सा लिया। यह यात्रा सोमनाथ मंदिर पर 1026 में पहले हमले की 1000वीं वर्षगांठ और इसके बाद की पुनर्निर्माण साहस को याद करने के लिए आयोजित की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मोदी ने बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिनंदन स्वीकार किया और दोनों हाथों से डमरू बजाकर अपनी उपस्थिति को और विशेष बनाया।
सोमनाथ जिले में ‘शौर्य यात्रा’ मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को सम्मानित करने वाली एक शोभायात्रा है, जिसमें पीएम मोदी प्रमुख रूप से शामिल हुए।


प्रधानमंत्री कुछ समय बाद मंदिर श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे तथा बाद में जनसभा को संबोधित भी करेंगे, जहां वे देशवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के दौरान यहां कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, ओंकार मंत्र जाप, भव्य ड्रोन शो और श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली, जो भारत की प्राचीन आस्था और इसका ऐतिहासिक संघर्ष दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले मंदिर परिसर में विभिन्न अनुष्ठानों और उत्सवों में हिस्सा लिया, जिसमें श्रद्धालुओं के साथ जुड़कर मंदिर की आस्था-परंपरा का अनुभव साझा किया गया।








