दुर्ग भिलाई –
शहर में क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने निवेशकों को हर महीने 6 प्रतिशत मुनाफे का भरोसा दिलाया और शुरुआत में कुछ समय तक तय रकम भी लौटाई, जिससे लोगों का विश्वास और गहरा हो गया।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने एक ऑफिस खोलकर खुद को प्रोफेशनल क्रिप्टो ट्रेडर बताया और बड़ी संख्या में लोगों से निवेश करवाया। शुरुआती महीनों में नियमित भुगतान कर निवेशकों को भरोसे में लिया गया, लेकिन जैसे ही बड़ी रकम इकट्ठा हुई, आरोपी ऑफिस में ताला लगाकर फरार हो गए।
जब निवेशक मुनाफे और मूल राशि की मांग करने पहुंचे, तो ऑफिस बंद मिला। इसके बाद ठगी का एहसास हुआ और पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और लेनदेन की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बिना सत्यापन किसी भी हाई-रिटर्न स्कीम में निवेश न करें।







