बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत नियानार धान संग्रहण केंद्र में पिछले वर्ष 2024-25 में खरीदा गया लाखों क्विंटल धान उठाव न होने के कारण केंद्र में ही रखा रखा सड़ गया है। कांग्रेस ने अब इसे भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा बना लिया है। मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने एक कमेटी गठित की है। नियानार खरीदी केंद्र में बीते खरीफ सीजन के दौरान किसानों से बड़ी मात्रा में धान खरीद कर रखा गया था।इसमें से कुछ अच्छे धान को उठा लिया गया, लेकिन बाकी लाखों क्विंटल धान को वहीं छोड़ दिया गया था, जो बारिश और मौसम की प्रतिकूलता और प्रशासनिक लापरवाही के चलते रखा रखा सड़ गया है। लाखों क्विंटल धान के सड़ने और शासन को करोड़ों के नुकसान का दावा किया जा रहा है।
कांग्रेस ने बनाई जांच कमेटी
जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण अध्यक्ष क्रमशः सुशील मौर्य एवं प्रेम शंकर शुक्ल ने कहा है कि राज्य के 33 जिलों में से एकमात्र बस्तर जिले के धान संग्रहण केंद्रों में सबसे कम धान का उठाव हुआ है। क्विंटलों धान के सड़ने और खराब होने की गंभीर परिस्थितियों को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शहर एवं ग्रामीण सुशील मौर्य एवं प्रेमशंकर शुक्ला द्वारा पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर शुक्ला के संयोजकत्व में 10 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति के सदस्य जनपद सदस्य अनिता पोयाम, प्रदेश कांग्रेस सचिव संतोष यादव, जिला उपाध्यक्ष बालेश दुबे, जिला महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान, नगरनार ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, नानगुर ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंग बघेल, बकावंड ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह सेठिया, बस्तर ब्लॉक अध्यक्ष गणेश बघेल, भानपुरी ब्लॉक अध्यक्ष श्याम दीवान, महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष चंपा ठाकुर, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक डेविड और किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दयाराम कश्यप बनाए गए हैं।









