न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की है। वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स और डेवोन कॉनवे की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए। जवाब में भारत ने विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 49 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाकर लक्ष्य हासिल करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत के लिए बल्लेबाजी में विराट कोहली ने 93, श्रेयस अय्यर ने 49 और कप्तान शुभमन गिल ने 56 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में काइल जैमिसन ने 4 विकेट लिए। इसके अलावा आदित्य अशोक, क्रिस क्लार्क को 1-1 सफलता मिली।
बता दें कि इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी को सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, राजकोट में खेला जाएगा।









