पोडियामी दीपक/सुकमा –
मुख्यमंत्री शिक्षा एवं खेल प्रोत्साहन नीति का सकारात्मक असर अब सुदूर वनांचल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखने लगा है। हरिद्वार (उत्तराखंड) में आयोजित डीएवी राष्ट्रीय खेल आयोजन-2025 में सुकमा जिले के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है।
राष्ट्रीय स्तर पर सुकमा की चमक
6 से 8 जनवरी तक हरिद्वार में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल मूर्तोंडा(सुकमा) के कक्षा 7वीं के छात्र शुभम जामी, सौरभ मरावी और फिरोज ने छत्तीसगढ़ जोन की कबड्डी (14 वर्ष आयु वर्ग) टीम का प्रतिनिधित्व किया। फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस टीम ने देशभर के अन्य जोन्स को पछाड़कर प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यालय में मना गौरव उत्सव
सोमवार को विद्यालय पहुंचने पर विजयी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। संस्था के प्राचार्य श्री अनिरुद्ध मिश्रा ने बच्चों को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने इस सफलता को जिले के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सुकमा के बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। कार्यक्रम में टीम के कोच एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री राकेश कुमार और कक्षा शिक्षक श्री बलराम देवांगन का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
बदलते बस्तर की सुखद तस्वीर
प्रशासनिक हलकों में इस जीत को क्षेत्र के युवाओं के सशक्तिकरण के रूप में देखा जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की उपलब्धियां वनांचल के अन्य बच्चों को मुख्यधारा से जुड़ने और खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगी। यह सफलता स्पष्ट करती है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर सुकमा की प्रतिभाएं किसी भी बड़े मंच पर जीत दर्ज करने में सक्षम हैं।









