Home चर्चा में किसने लगा दिया चुनाव आयोग को चूना ? गटक गए चुनाव...

किसने लगा दिया चुनाव आयोग को चूना ? गटक गए चुनाव आयोग के दिए गए लाखों रुपए

96
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

बकावंड। बस्तर जिले में पदस्थ सरकारी अधिकारी कर्मचारी अब तक शासन को चूना लगाने में एक्सपर्ट माने जाते रहे हैं, मगर अब वे दो कदम आगे बढ़कर भारत के चुनाव आयोग को भी चूना लगाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। चुनाव आयोग को बस्तर के किन किन अधिकारियों और कर्मचारियों ने चूना लगा दिया है, यह कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बस्तर के लिए खोज का बड़ा विषय है।
दरअसल पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग द्वारा बूथ एजेंटों और मतदाताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जो राशि जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दी गई थी, वह राशि अब तक संबंधितों को भुगतान नहीं की गई है। अकेले बकावंड विकासखंड में करीब 14 लाख रुपयों की गड़बड़ी सामने आई है जबकि बस्तर जिले के सभी विकासखंडों को मिलाकर यह राशि करोड़ों में हो सकती है।जानकारी मिली है कि बस्तर के अमूमन हर विकासखंड में यही स्थिति है। चुनाव आयोग द्वारा दी गई रकम की वर्तमान में क्या स्थिति है अभी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। बकावंड विकासखंड के 230 बूथों पर वोटिंग के दौरान बैठने वाले सभी दलों के बूथ एजेंटों और अन्य कर्मियों के लिए पेयजल, छांव आदि के इंतजाम के लिए प्रति बूथ 6 हजार रुपए चुनाव आयोग की ओर से बकावंड जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम से आबंटित किए गए थे। चुनाव को हुए कई माह बीत जाने के बाद भी आज तक इस रकम को पंचायत के माध्यम से बूथ कर्मियों के बीच नहीं बंटा गया है। 6 हजार रुपए प्रति बूथ के मान से बकावंड विकासखंड की 230 बूथों की कुल राशि 13 लाख 80 हजार रुपए होती है। इसी तरह देखा जाए तो पूरे जिले में यह राशि करोड़ों में है। आखिर इतनी बड़ी रकम कौन कौन अधिकारी मिलकर डकार डकार गए और किन किन अधिकारियों ने चुनाव आयोग को चूना लगा दिया है, यह भारत निर्वाचन आयोग, राज्य निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी के लिए चिंतन मंथन तथा जांच का बड़ा विषय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here