Home मुख्य ख़बरें मकर संक्रांति के बाद बढ़ेगी ठंड, तापमान में हो सकती है 3...

मकर संक्रांति के बाद बढ़ेगी ठंड, तापमान में हो सकती है 3 डिग्री तक गिरावट

118
0

रायपुर-

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर तेज सर्दी लौटने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मकर संक्रांति के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे कई जिलों में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।

फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसकी वजह से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आने वाले तीन दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना है। हालांकि नमी के प्रभाव से ठंड की तीव्रता में फिलहाल ज्यादा इजाफा नहीं हो रहा, क्योंकि इससे पहले ही तापमान सामान्य से नीचे पहुंच चुका था।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। सरगुजा संभाग में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है, जबकि रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य के आसपास रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। यह प्रक्रिया लगभग 15 तारीख तक जारी रह सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ते ही तापमान में गिरावट आएगी और ठंड फिर से तेज हो जाएगी।

रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here