Home कोरबा धान खरीदी में अनियमितताओं से परेशान किसान ने खाया जहर, 24 घंटे...

धान खरीदी में अनियमितताओं से परेशान किसान ने खाया जहर, 24 घंटे में दूसरी घटना से प्रशासन में हड़कंप

552
0

कोरबा –

जिले में धान खरीदी व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की वजह से परेशान एक और किसान ने जहर का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया है। बीते 24 घंटे के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। मामले की सूचना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच हुआ है।

जानकारी के अनुसार हरदी बाजार थाना क्षेत्र के झांझ गांव निवासी 60 वर्षीय किसान बैसाखू मरकाम ने धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं से परेशान होकर हरदी बाजार तहसील कार्यालय के सामने कीटनाशक का सेवन कर लिया। जहर सेवन के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल हरदी बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि बैसाखू मरकाम लंबे समय से धान खरीदी से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे थे। टोकन, रकबा और अन्य प्रक्रियात्मक दिक्कतों के चलते उनका धान नहीं बिक पा रहा था। लगातार दफ्तरों के चक्कर लगाने और समाधान नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। इसी हताशा में उन्होंने यह कदम उठाया।

गौरतलब है कि हरदी बाजार क्षेत्र में यह 24 घंटे के भीतर किसानों द्वारा जहर सेवन की दूसरी घटना है। इससे एक दिन पहले हरदी बाजार के कोरबी निवासी किसान सुमेर सिंह गोड़ ने भी धान बिक्री का टोकन नहीं मिलने से परेशान होकर कीटनाशक का सेवन किया था। उस मामले में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत मौके पर पहुंची थीं और अस्पताल जाकर किसान से मुलाकात कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here