Home कोरबा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर कटघोरा में भव्य युवा सम्मेलन संपन्न

स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर कटघोरा में भव्य युवा सम्मेलन संपन्न

4
0

कोरबा संवाददाता – कृष्णा दास

कोरबा न्यूज 36गढ़ :– एकल अभियान अंचल कोरबा (कटघोरा) द्वारा 12 जनवरी 2026, स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। सम्मेलन में कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा, युवतियाँ, मातृशक्ति एवं आचार्यगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के कौशलेंद्र उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, उनके विचारों और युवाओं के लिए दिए गए संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त व आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संघचालक कोरबा मा. डॉ. विशाल उपाध्याय जी ने युवाओं से शिक्षा, संस्कार और सेवा भाव को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े तो समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।

इस अवसर पर जिला कार्यवाह कैलाश नाहक, अंचल समिति के पूर्व अध्यक्ष नवीन अग्रवाल,पूर्व कोषाध्यक्ष राजकुमार यादव, सचिव भूपेंद्र वर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज नायडू, संरक्षक विष्णु शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता मंचासीन रहे। साथ ही एकल अभियान के विभिन्न दायित्ववान—भागवत लाल नायक (संभाग प्राथमिक शिक्षा प्रमुख), किताब सिंह पैकरा (अंचल अभियान प्रमुख), वेद प्रसाद यादव (अंचल प्राथमिक शिक्षा प्रशिक्षक), बिसाहू सिंह कंवर (अंचल कार्यालय प्रमुख), रूपलाल सोरठे (अंचल गतिविधि प्रमुख) सहित संच के कार्यकर्ता एवं आचार्यगण कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
सम्मेलन में वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद जी द्वारा दिए गए “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” जैसे प्रेरक विचारों को युवाओं के जीवन से जोड़ते हुए अनुशासन, परिश्रम, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगीत एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। यह युवा सम्मेलन उपस्थित सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here