रायपुर-
छत्तीसगढ़ में मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क बना रहा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी जरूर मौजूद है, लेकिन इसके चलते अगले तीन दिनों तक मौसम में खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान लगभग स्थिर रहेगा, न ज्यादा गिरावट होगी और न ही बड़ी बढ़ोतरी।
हालांकि, इसके बाद जैसे ही हवाओं की दिशा में परिवर्तन होगा, प्रदेश में एक बार फिर ठंड का असर तेज हो जाएगा। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों—बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा—में सर्दी का प्रकोप ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों में यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दक्षिणी छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बस्तर क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में फिलहाल ठंडी हवाओं से कुछ राहत बनी हुई है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सीमावर्ती इलाकों में कड़ाके की ठंड तो है, लेकिन पाले की स्थिति में फिलहाल थोड़ी कमी आई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिन मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद 15 जनवरी के बाद रात के तापमान में फिर गिरावट आएगी और प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति लौट सकती है।









