Home मुख्य ख़बरें छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बढ़ेगी ठंड, दो दिन तक शीतलहर का...

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बढ़ेगी ठंड, दो दिन तक शीतलहर का असर, मौसम विभाग का अलर्ट

112
0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से अगले दो दिनों तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना है। हालांकि इस दौरान तापमान में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा जाएगा।

बीते 24 घंटे का मौसम हाल

बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 जनवरी को रायपुर और आसपास के इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद इसमें 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

क्यों बढ़ रही है ठंड

हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसका असर मैदानी इलाकों तक पहुंच रहा है। तेज़ रफ्तार सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम ठंडी हवाओं को मध्य भारत की ओर ला रही है।

इसी वजह से सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री तक नीचे चला गया है। कई इलाकों में सुबह और देर रात को कोहरा छाया रह रहा है, वहीं ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि अगले दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। खासतौर पर ग्रामीण और खुले इलाकों में ठंड अधिक महसूस की जा सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here