जांजगीर चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा
ग्रामीण प्रतिभाओं की मेहनत और समर्पण एक बार फिर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा है। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तागा की छात्राएं शिफाली चौहान और साधना केवट ने रग्बी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय अंडर-15 रग्बी स्पर्धा के लिए हुआ है, जो भुवनेश्वर (उड़ीसा) में 16 एवं 17 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।
विद्यालय के व्यायाम शिक्षक श्री चंद्रशेखर महतो के कुशल निर्देशन में तागा की बालिका रग्बी टीम ने आठवीं राज्य स्तरीय रग्बी स्पर्धा, रायपुर में भाग लेते हुए छत्तीसगढ़ के लगभग 15 जिलों की टीमों को पीछे छोड़ते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया था। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर शिफाली चौहान और साधना केवट ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की।
आज दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ी दुर्ग–पुरी एक्सप्रेस से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुईं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर, ग्राम पंचायत तागा और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। यह सफलता न केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय में खेलों को प्रोत्साहन देने वाले शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतिफल है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु विद्यालय के प्राचार्य श्री वी.पी. कश्यप, प्रधान पाठक श्री ए.एल.के. पाण्डेय, व्याख्याता श्री बी.के. मरकाम, श्री आर.एन. खरे, श्री विवेक पाटले, श्रीमती डी. साहू, श्रीमती ए. सिंह, श्रीमती डी. मानिकपुरी, श्रीमती प्रीति पाण्डेय, श्रीमती अनामिका तिवारी, श्री आर.एस. कौशिक, श्री नंदलाल साहू, श्रीमती शारदा थवाईत, श्री फणींद्र भूषण, श्री उमेश चौहान, श्री मुकेश केवट सहित समस्त विद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं ग्राम पंचायत तागा के सरपंच श्री रामनारायण भैना ने भी दोनों खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
तागा की ये बेटियां आज ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उम्मीद है कि शिफाली और साधना राष्ट्रीय रग्बी स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन कर जिले, प्रदेश और अपने विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।









