बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। सराफा व्यवसायी से मारपीट और गीदम क्षेत्र में आपराधिक वारदातों की वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दंतेवाड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष का पुतला दहन किया।
बस्तर जिले के दंतेवाड़ा जिले की व्यापार नगरी गीदम में राजनीतिक फिजा बदरंग हो गई है। सरकार पर लगातार हमलावर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष का पुतला दहन किया। बस स्टैंड में किए गए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाज़ी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि गीदम क्षेत्र में लगातार अपराध, मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके लिए सीधे तौर पर भाजपा जिम्मेदार है। कांग्रेस ने भाजपा जिला अध्यक्ष पर बुजुर्ग सर्राफा व्यापारी के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए कहा कि कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन जारी रहेगा।पुतला दहन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।










