Home कोरबा कोरबा: शिव मंदिर तालाब में मछलियों की भारी मौत, तीन दिनों में...

कोरबा: शिव मंदिर तालाब में मछलियों की भारी मौत, तीन दिनों में 3 क्विंटल से अधिक नुकसान, पानी की गुणवत्ता सुधारने के प्रयास तेज

14
0

कोरबा। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र स्थित बड़े शिव मंदिर तालाब में अचानक बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से हड़कंप मच गया है। बीते तीन दिनों से तालाब में लगातार मछलियां मर रही हैं। अब तक करीब 3 क्विंटल से अधिक मछलियों के मृत पाए जाने की जानकारी सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मछलियों की मौत के पीछे तालाब के पानी में ऑक्सीजन की कमी या फंगस संक्रमण की आशंका जताई जा रही है। बढ़ती गर्मी और पानी की गुणवत्ता बिगड़ने को भी इसकी एक वजह माना जा रहा है।

मछलियों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास

घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सिंह और दीपका थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह ने स्थिति को संभालने की पहल की। दोनों ने बाजार से चूना, नमक और ब्लीचिंग पाउडर मंगाकर तालाब में छिड़काव कराया, ताकि पानी को शुद्ध किया जा सके और बची हुई मछलियों को राहत मिल सके।

बोर से डलवाया जा रहा पानी

मंदिर समिति के प्रमुख भानु सिंह ने बताया कि मछलियों की मौत लगातार हो रही है। हालात को देखते हुए तालाब में बोर के माध्यम से ताजा पानी डलवाया जा रहा है, जिससे पानी में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ सके और शेष मछलियों को बचाया जा सके।

विशेषज्ञों से ली जा रही सलाह

सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सिंह ने बताया कि मछली रोग विशेषज्ञों और डॉक्टरों से संपर्क कर पानी की गुणवत्ता सुधारने के उपाय अपनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मछली विक्रेताओं और जानकारों से भी सलाह ली जा रही है, ताकि नुकसान को रोका जा सके और तालाब का संतुलन दोबारा स्थापित किया जा सके।

प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजर फिलहाल हालात पर बनी हुई है, ताकि आगे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here