बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर:- मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए को मिली प्रचंड और ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में आज दलपत सागर परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप सहित पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे को बधाई दी।
इस दौरान महापौर संजय पाण्डे का पुष्पमालाओं से स्वागत कर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। कार्यकर्ताओं में इस जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी।
इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बीएमसी चुनाव में एनडीए को मिली यह प्रचंड जीत पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संगठन की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह विजय इस बात का प्रमाण है कि जनता ने विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

महापौर संजय पाण्डे ने अपने संबोधन में कहा कि इस महत्वपूर्ण चुनाव में उन्हें संगठनात्मक एवं संचालन स्तर पर अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला, जिसके लिए वे पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा मैं आगे भी पार्टी की विचारधारा, जनसेवा और संगठन हित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करता रहूंगा। यह जीत हम सभी को और अधिक जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें प्राप्त हुए सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए वे सभी कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं के हृदय से आभारी हैं।
उल्लेखनीय है कि मुंबई महानगरपालिका बीएमसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से महापौर संजय पाण्डे को संगठनात्मक एवं संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने लगभग 15 दिनों तक मुंबई में रहकर पार्टी के पक्ष में सघन प्रचार किया और संगठन को मजबूती प्रदान की, जिसका सकारात्मक परिणाम आज एनडीए की प्रचंड जीत के रूप में सामने आया।
एनडीए की इस ऐतिहासिक विजय के बाद आज नगर निगम परिसर में भी महापौर संजय पाण्डे को बधाई दी गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, निगम के जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने इस जीत को संगठन की सामूहिक सफलता बताया।









