बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
कोलवाल चेक पोस्ट मामला, एसडीएम ने दिए जांच के संकेत
बकावंड। विकासखंड बकावंड अंतर्गत कोलवाल चेक पोस्ट एरिया में अवैध धान भरे ट्रैक्टर को प्रशासन की टीम ने पकड़ा, मगर पुलिस के दो जवानों ने न जाने किस प्रभाव, प्रलोभन या फिर दबाव में आकर ट्रैक्टर को आश्चर्यजनक ढंग से छोड़ दिया। इस मामले में अब प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने आई है। एसडीएम ने स्पष्ट कहा है कि यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि चेक पोस्ट पर जवान तैनात थे और उनके रहते हुए ट्रैक्टर को छोड़ा गया, तो संबंधित जवानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने यह भी कहा कि फिलहाल इस मामले में जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ट्रैक्टर को किस परिस्थिति में छोड़ा गया, उस समय कौन-कौन जवान ड्यूटी पर थे तथा वीडियो व फोटो साक्ष्यों की सत्यता की भी बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि देर रात करीब 2 बजे सोरागुड़ा जंगल मार्ग से एक फुल लोड ट्रैक्टर गुजर रहा था, जिसे मुंडागुड़ा के पास रोका जाना चाहिए था। लेकिन आरोप है कि मौके पर मौजूद जवानों ने ट्रैक्टर को पार करा दिया। इस दौरान वीडियो और फोटो में जवानों की मौजूदगी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अवैध परिवहन को इसी तरह संरक्षण मिलता रहा तो कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास कमजोर होगा। अब सबकी निगाहें प्रशासन की जांच और उस पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।









