Home चर्चा में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पर जिला प्रशासन की सख्ती, दो दिनों...

वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पर जिला प्रशासन की सख्ती, दो दिनों में करीब 100 मकान हटाए गए

13
0

-कार्रवाई के दौरान पथराव, तहसीलदार ने स्पष्ट की पूरी स्थिति

पुकार बाफना/बीजापुर –

नगर पालिका परिषद बीजापुर अंतर्गत नया बस स्टैंड के पीछे चट्टान पारा से लगे क्षेत्र में वन मद की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई दो दिनों तक चली, जिसमें लगभग 100 अवैध मकानों को हटाया गया।

उल्लेखनीय है कि उक्त क्षेत्र में विगत वर्षों के दौरान भी जिला प्रशासन द्वारा तीन बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, इसके बावजूद यहां पुनः अवैध कब्जा कर लिया गया था। वर्तमान कार्रवाई से पूर्व नगर पालिका परिषद बीजापुर द्वारा अतिक्रमणकारियों को अवैध कब्जा हटाने हेतु तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, किंतु अतिक्रमणकारियों द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान नक्सल प्रभावित कुछ परिवारों के आवास भी हटाए जाने के सवाल पर स्थिति स्पष्ट करते हुए तहसीलदार श्री पंचराम सलामे ने बताया कि सलवा जुडूम के दौरान नक्सल प्रभावित परिवार शांति नगर, शिविर पारा (गंगालूर रोड) एवं पनारापारा जेल बाड़ा क्षेत्र में बसे हुए है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा चट्टान पारा क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन को यह जानकारी मिली है कि कुछ लोगों ने पूर्व में कब्जा की गई भूमि को बेचकर पुनः अवैध अतिक्रमण किया, जो कि गंभीर और दंडनीय विषय है।

कुछ डीआरजी जवानों के मकान तोड़े जाने को लेकर उठे सवालों पर तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा उनके लिए आवश्यक व्यवस्था करने की जानकारी मिली है।

तहसीलदार ने यह भी जानकारी दी कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा विरोध करते हुए पथराव किया गया, हालांकि प्रशासनिक सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि शासकीय एवं वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here