बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। जंगलों में बिछाए गए प्रेशर IED एक बार फिर जानलेवा साबित हुए हैं। रविवार को माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय ग्रामीण युवक की मौत हो गई। धमाका इतना भीषण था कि युवक के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आयता कुहरामी (पिता बुधरा कुहरामी, उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम कस्तुरीपाड के रूप में हुई है। वह रविवार 18 जनवरी की दोपहर जंगल क्षेत्र की ओर गया हुआ था। इसी दौरान वह पहले से लगाए गए प्रेशर IED पर पैर रख बैठा, जिससे तेज धमाका हो गया।
घायल अवस्था में युवक को तत्काल इलाज के लिए उसूर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंचे सुरक्षाबल, इलाके में सर्चिंग तेज
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संभावित खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और सुरक्षाबलों द्वारा लगातार जंगलों में IED निष्क्रियकरण अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद माओवादियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक ग्रामीणों के लिए खतरा बने हुए हैं।
एसपी की अपील: संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत दें सूचना
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें। उन्होंने जंगल और दुर्गम इलाकों में आवाजाही के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।









