कोरबा संवाददाता – कृष्णा दास
कोरबा न्यूज 36गढ़ :– छत्तीसगढ़ राज्य के कोरबा जिले के अजगरबहार तहसील अंतर्गत सुदूर वनांचल एवं दुरस्थ पिछड़े क्षेत्र ग्राम पंचायत देवपहरी के आश्रित ग्राम डीडासराई में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक गौरा गौरी महोत्सव पूरे हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।
यह पारंपरिक आयोजन 17 जनवरी की रात प्रारंभ हुआ, जो पूरी रात पूजा, सेवा एवं गौरा नृत्य के साथ चलता रहा। कार्यक्रम का समापन 18 जनवरी की अलसुबह गौरा नृत्य दलों के साथ गांव के समीप स्थित पुराने तालाब में विधिवत विसर्जन के साथ किया गया।
महोत्सव में पड़ोसी ग्राम जाताडांड, चुईया पंचायत के महिला टीम एवम् पुरुष सहयोगी भटगांव तथा ग्राम सोनारी से आई महिला एवं पुरुष गौरा नृत्य टीमों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। भीषण ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक एवं दुकानदार उपस्थित रहे, जिससे गांव में उत्सव का माहौल बना रहा।
डीडासराई गांव में गौरा गौरी महोत्सव हेतु मूर्ति निर्माण विशेष रूप से गढ़ उपरोड़ा से कराया जाता है, जिसमें सुंदरता और परंपरा का विशेष ध्यान रखा जाता है। आगामी वर्ष मूर्ति निर्माण गांव स्तर पर किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।
इस गांव में लगभग 95 प्रतिशत आदिवासी समाज एवं 5 प्रतिशत अन्य समाज के लोग निवासरत हैं, जो इस महोत्सव में आपसी समरसता, सहयोग और एकता का परिचय देते हैं। यह आयोजन सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त करने का कार्य करता है।
कार्यक्रम में गौमुखी सेवा धाम देवपहरी आश्रम से प्रकल्प प्रमुख देवाशीष मिश्रा, महाराज पांडे , पूर्व सरपंच अमृतलाल राठिया (सरपंच पति), रामेश्वर राठिया, फत्ते सिंह पोर्ते, पूर्व जनपद सदस्य धन सिंह कंवर सहित कई वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।









