मुंबई में सोमवार रात एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की सुरक्षा में चल रही गाड़ियों में से एक शामिल बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अक्षय कुमार या उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, अक्षय कुमार अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी एस्कॉर्ट में चल रही एक इनोवा कार को पीछे से आ रही मर्सिडीज़ ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज़ थी कि इनोवा आगे चल रहे एक ऑटो रिक्शा से जा भिड़ी।
इस हादसे में ऑटो रिक्शा चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घायल कुछ देर के लिए वाहन के नीचे फंसे रहे।
घायल ऑटो चालक के भाई मोहम्मद समीर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनके भाई की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि परिवार की बस यही मांग है कि घायल का सही इलाज कराया जाए और टूटे हुए रिक्शे के लिए मुआवजा दिया जाए।
वहीं, मुंबई पुलिस ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जुहू इलाके में दो कारों और एक ऑटो रिक्शा के बीच हुई इस टक्कर में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे में अभिनेता अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट कार शामिल थी और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है।







